छतरपुर। छतरपुर नगर में न्याय की मांग को लेकर एक युवक ने अपने परिवार सहित एसपी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ी बगराजन निवासी विनोद कुशवाहा बुधवार की दोपहर करीब 2:00 बजे कंबल बिछाकर एसपी ऑफिस के बाहर अपने पत्नी-बच्चों के साथ बैठ गए और स्थानीय व्यापारी लालू लालवानी पर कार्रवाई की मांग करने लगे।
विनोद का आरोप है कि लगभग दो महीने पहले उनके घर में आगजनी की वारदात हुई थी, जिसमें उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ा। उनका कहना है कि “इस घटना को व्यापारी द्वारा अंजाम दिया गया, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं की गई। मैंने एसपी अगम जैन को चार बार आवेदन दिया है। इसके अलावा जिला कलेक्टर, पूर्व डीआईजी और वर्तमान डीआईजी को भी लिखित शिकायतें दीं, परंतु कोई सुनवाई नहीं हुई।”
विनोद का कहना है कि प्रशासन अगर आम नागरिक की सुनवाई नहीं करेगा, तो वे मजबूर होकर सड़क पर बैठने के लिए विवश हो गए हैं। धरना स्थल पर लोगों की भीड़ भी जुटने लगी है और पुलिस अधिकारी स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं।
