
भोपाल। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देश तथा मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के आदेश पर जिला महिला कांग्रेस, भोपाल ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर बिलकिस बानो प्रकरण के दोषियों के कथित स्वागत तथा सांसद कंगना रनौत द्वारा महिला प्रदर्शनकारियों पर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, न्याय और सुरक्षा के मुद्दों पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं अपने अधिकारों और न्याय के लिए आवाज उठाती हैं, तब जनप्रतिनिधियों और समाज का दायित्व है कि वे उनकी गरिमा की रक्षा करें, न कि उसे ठेस पहुंचाने वाले बयान दें।
महिला कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महिलाओं के प्रति असंवेदनशील टिप्पणियां और दोषियों के प्रति नरम रवैया समाज में गलत संदेश देता है तथा महिलाओं के न्याय और सुरक्षा को लेकर लोगों का विश्वास कमजोर करता है।
जिला महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध, अन्याय और अपमानजनक बयानों के विरुद्ध पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने केंद्र सरकार और भाजपा नेताओं से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के मुद्दे पर अधिक संवेदनशील रुख अपनाने की मांग की।
