इंदौर: खजराना क्षेत्र में स्कूल की छुट्टी के बाद कुछ छात्रों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर झगड़ा हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि एक छात्र ने नुकीली चीज से हमला कर साथी को घायल कर दिया. पुलिस ने तीन छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.खजराना थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने बताया कि 18 वर्षीय फरियादी अर्पित विश्वकर्मा निवासी बॉम्बे पब्लिक स्कूल के पास ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सोमवार को स्कूल से छुट्टी के बाद वह अपने साथी कुंदन प्रजापति के साथ घर लौट रहा था.
तभी प्रागमैटिक स्कूल के पास उन्हीं के स्कूल में पढ़ने वाले यश अटोदे, हिमांशु निवासी कृष्णबाग कॉलोनी और दीपांशु पाल निवासी शिवबाग कॉलोनी ने रास्ता रोक लिया. तीनों ने पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी. जब अर्पित और कुंदन ने विरोध किया तो हिमांशु ने अर्पित को प्लाई के पटिए से मारा, जिससे उसकी पीठ में चोट आई. इसी दौरान यश अटोदे ने कुंदन पर नुकीली चीज से हमला कर दिया, जिससे उसकी बाईं जांघ में गहरा घाव हो गया और खून निकलने लगा. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज कर यश अटोदे, हिमांशु और दीपांशु पाल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
