2028 विधानसभा, 2029 लोकसभा चुनाव के लिए संगठन मजबूत करेगी कांग्रेस : भगत

रायपुर, (वार्ता) कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी, विभिन्न विभागों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों तथा अनुशासन समिति की बैठकें लेकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की।

बैठकों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, राष्ट्रीय प्रभारी सचिव एस.ए. सम्पत कुमार, जरिता लेतफ्लांग और विजय जांगिड़ सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में श्री बैज ने पिछले महीनों में संगठन की गतिविधियों और आगामी महीनों की कार्ययोजना की जानकारी दी।

श्री भगत ने पदाधिकारियों से संगठन की जमीनी स्थिति और गतिविधियों की जानकारी लेने के बाद कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2028 के विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिजली, स्मार्ट मीटर, जल-जंगल-जमीन और कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार ने जनता का भरोसा खो दिया है। श्री भगत ने कहा, “हमारा लक्ष्य प्रदेश की जनता को भाजपा के कुशासन से मुक्ति दिलाना और 2028 के विधानसभा तथा 2029 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को विजयी बनाना है।” उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस का संगठन मजबूत है और पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय हैं।

बैठकों में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, किसान कांग्रेस, अल्पसंख्यक विभाग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विभाग, पिछड़ा वर्ग विभाग, विधि विभाग और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सहित विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल हुए।

अनुशासन समिति की बैठक में प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जे.पी. श्रीवास्तव और प्रतिमा चंद्राकर, पूर्व निगम अध्यक्ष धनेश पाटिला तथा महामंत्री दीपक मिश्रा और नरेश ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

माताओं व बच्चों के लिए एयरपोर्ट पर विशेष सुविधाएं

Tue Sep 29 , 2026
इंदौर: देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल, इंदौर पर बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में चाइल्ड केयर रूम तथा सिक्योरिटी होल्ड एरिया में चिल्ड्रन्स प्ले एरिया की सुविधा […]

You May Like