
राजगढ़। जिला मुख्यालय राजगढ़ पर मौजूद रेलवे टिकिट आरक्षण केन्द्र (आईपीपीआरएस सेंटर) को रेल मंत्रालय के वरिष्ठ कार्यालय से मिले निर्देशानुसार बुधवार से बंद कर दिया गया. इससे राजगढ़ सहित आसपास क्षेत्र के नागरिकों को रेल टिकिट के लिए परेशानी का सामना करना पड़ेगा.
विदित है कि वर्तमान में राजगढ़ में रेलवे स्टेशन नहीं है. जिला मुख्यालय के समीप ब्यावरा, पचोर रेलवे स्टेशन हैै. परन्तु राजगढ़ एवं आसपास क्षेत्र के नागरिकों को रेल सुविधा हेतु राजगढ़ के डाकघर में रेलवे टिकिट आरक्षण केन्द्र संचालित था जिसे आज दिनांक से वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशों के बाद बंद कर दिया गया. यहां रेलवे टिकिट आरक्षण केन्द्र होने से आसपास के नागरिक टिकिट आरक्षित कराकर यात्रा कर रहे थे. जिससे उन्हें काफी सुविधा हो रही थी.
इसके बंद होने से राजगढ़ सहित खिलचीपुर, जीरापुर, माचलपुर, छापीहेड़ा, कालीपीठ आदि स्थानों के नागरिकों को रेलवे टिकिट हेतु आरक्षण कराने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा. इसके संचालन से यात्रियों को तत्काल एवं साधारण आरक्षण कराने में काफी सुविधा हो रही थी.
सांसद, विधायक ने की मांग
सांसद रोडमल नागर एवं राजगढ़ विधायक अमर सिंह यादव ने राजगढ़ में स्थित रेलवे टिकिट आरक्षण केन्द्र को यथावत रखे जाने की पुरजोर मांग करते हुए रेल मंत्रालय को पत्र लिखा है. जिसमें कहा है कि इससे काफी सुविधा नागरिकों को हो रही थी. इसके बंद होने से राजगढ़ सहित खिलचीपुर, जीरापुर, माचलपुर, छापीहेड़ा, कालीपीठ, खुजनेर क्षेत्र के यात्रियों को आरक्षण कराने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा. अत: जनहित में राजगढ़ स्थित पोस्ट ऑफिस में संचालित रेलवे टिकिट आरक्षण केन्द्र को यथावत रखा जाये.
वर्ष 2011 में मिली थी सुविधा
जानकारी के अनुसार वर्ष 2011 में तत्कालीन सांसद नारायण सिंह अमलाबे के अथक प्रयासोंं से जिला मुख्यालय पर यह सुविधा मिली थी. जिससे यात्रियों को काफी सुविधा हो रही थी. इससे राजगढ़, खिलचीपुर, जीरापुर, माचलपुर, छापीहेड़ा सहित आसपास क्षेत्र के नागरिकों को काफी सुविधा हो रही थी.
सामग्री जमा करने के निर्देश
पोस्ट ऑफिस प्रबंधन के अनुसार इस संबंध में वरिष्ठ कार्यालय से जिला मुख्यालय पर रेलवे टिकिट आरक्षण केन्द्र को बंद करने हेतु निर्देश आये है. जिसके चलते बुधवार से केन्द्र को बंद कर दिया गया. इसकी सामग्री को भी वापस जमा किया जा रहा है.
परेशान हुए यात्री
दीपावली त्यौहार मनाने जिला मुख्यालय एवं आसपास क्षेत्र में आये नागरिक जब बुधवार को रेलवे टिकिट आरक्षण केन्द्र पहुंचे तो वहां केन्द्र के बंद होने की जानकारी पता चली. घर आये लोग रेलवे का तत्काल टिकिट लेने के लिए परेशान होते देखे गए. काउंटर प्रभारी राजेन्द्र पुष्पद द्वारा टिकिट के लिए पोस्ट ऑफिस पहुंचे नागरिकों को टिकिट सुविधा बंद होने के बारे में जानकारी दी गई.
वरिष्ठ कार्यालय से रेलवे रिजर्वेशन काउंटर को बंद करने के निर्देश आये है. इसी को दृष्टिगत रखते हुए बुधवार से पोस्ट ऑफिस में ये सुविधा बंद कर दी गई है.
पंकज शर्मा
पोस्ट मास्टर, पोस्ट ऑफिस राजगढ़
