भरतपुर, (वार्ता) राजस्थान में भरतपुर में सेवर थाना क्षेत्र में ततामड़ गांव में दो दिन पहले दोपक्षों के बीच हुए विवाद के बाद उपजे तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और ग्रामीणों में सुरक्षा का भाव पैदा करने के उद्देश्य से रविवार देर शाम पुलिस बल द्वारा ततामड़ गांव में फ्लैग मार्च निकाला गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज एक पक्ष की तरफ से थाने के सामने दिए गए धरने के बाद भीम आर्मी के एक वरिष्ठ कार्यकर्ता साहब सिंह अहेरिया के खिलाफ मामला दर्ज करके उसकी गिरफ्तारी के
मद्देनजर पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि कोई भी माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उधर पुलिस ने ग्रामीणों से भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने का अनुरोध किया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व वृत्ताधिकारी (ग्रामीण) कन्हैयालाल चौधरी और सेवर थाना प्रभारी सतीश भारद्वाज ने किया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
