
छतरपुर। खजुराहो संसदीय क्षेत्र के लोगों के लिए रेल सुविधाओं के मोर्चे पर बड़ी खुशखबरी आई है। लंबे समय से चली आ रही मांग को केंद्र सरकार ने मंजूरी देते हुए रीवा से हैदराबाद (चर्लपल्ली) के बीच नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दे दी है। खास बात यह है कि यह ट्रेन कटनी मुड़वारा स्टेशन से होकर गुजरेगी, जिससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को दक्षिण भारत तक सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खजुराहो सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। गाड़ी संख्या 20158/20157 रीवा-चर्लपल्ली-रीवा एक्सप्रेस अब नियमित रूप से संचालित की जाएगी। इस नई सेवा से विंध्य और महाकौशल क्षेत्र का सीधा संपर्क देश के प्रमुख आईटी और औद्योगिक केंद्र हैदराबाद से स्थापित हो जाएगा। अब तक यात्रियों को कई ट्रेनों में सफर बदलने की परेशानी उठानी पड़ती थी, लेकिन नई ट्रेन शुरू होने से यह समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।
सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सौगात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेल सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्रीय विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि कटनी मुड़वारा में ट्रेन के ठहराव से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि व्यापार, उद्योग और रोजगार की संभावनाओं को भी नया बल मिलेगा। इससे खजुराहो संसदीय क्षेत्र सहित आसपास के जिलों की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
