शिवपुरी: करैरा अनुविभाग के दिनारा स्थित पिछोर रोड पर बनी पीतांबरा आवासीय कॉलोनी में प्रशासन ने करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। एसडीएम अनुपम शर्मा और तहसीलदार ललित शर्मा के नेतृत्व में राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर सर्वे नंबर 1759 की कुल 1.01 हेक्टेयर, यानी पांच बीघा से अधिक शासकीय भूमि का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि कॉलोनाइजरों ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर कॉलोनी के भीतर सड़क का निर्माण कर लिया था।
प्रशासन ने बिना किसी देरी के जेसीबी मशीनें मौके पर उतारीं और अवैध रूप से बनाई गई सड़क को ध्वस्त कर दिया। पूरी कार्रवाई के दौरान राजस्व और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। अतिक्रमण हटते ही करोड़ों रुपये की शासकीय भूमि को दोबारा सरकारी कब्जे में ले लिया गया।एसडीएम अनुपम शर्मा ने दो टूक कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, प्लॉटिंग या निर्माण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में भू माफिया के खिलाफ बड़े अभियान की शुरुआत माना जा रहा है
