
नीमच। ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच परिसर में मध्य प्रदेश सेक्टर सीआरपीएफ भोपाल के अधीनस्थ प्रशासनिक एवं परिचालनिक बटालियनों के बीच आयोजित तीन दिवसीय ट्रैक एंड फील्ड प्रतियोगिता का शनिवार, 21 नवंबर को समापन हुआ। 18 नवंबर से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में जवानों ने दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद और अन्य खेल स्पर्धाओं में अपनी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में ग्रुप केंद्र नीमच, भोपाल सहित प्रथम, सातवीं, 41वीं, 123वीं और 148वीं बटालियन के जवानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसमें 100 मीटर, 1500 मीटर और 5000 मीटर दौड़, क्रॉस कंट्री, रिले रेस, लॉन्ग जंप, हाई जंप और शॉट पुट जैसी विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता के समापन समारोह में ग्रुप केंद्र नीमच के कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू ने विजेता प्रतिभागियों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। शानदार प्रदर्शन करते हुए 148वीं बटालियन ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि प्रथम बटालियन द्वितीय स्थान पर रही।
इस अवसर पर कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू ने कहा कि सीआरपीएफ की कार्यशैली में तकनीकी दक्षता के साथ शारीरिक स्फूर्ति भी बेहद महत्वपूर्ण है। इस तरह की प्रतियोगिताएं जवानों की कार्यक्षमता, तत्परता, मानसिक दृढ़ता और टीम भावना को नई ऊर्जा प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। आयोजन के माध्यम से विभिन्न बटालियनों के जवानों के बीच प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ आपसी समन्वय, सहयोग और सौहार्द को भी मजबूती मिली। कार्यक्रम में उप कमांडेंट कबीर सरीन सहित अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
