वैश्विक स्तर पर ईंधन 70% महंगा हुआ, भारत में सिर्फ 7% बढ़ोतरी: हरदीप सिंह पुरी

इंदौर। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को अपने इंदौर दौरे के दौरान ईंधन की कीमतों पर बड़ा बयान दिया। इंदौर-उज्जैन हाईवे स्थित बीपीसीएल के एनर्जी स्टेशन सहित अन्य पेट्रोल पंपों का निरीक्षण करने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और एक्साइज ड्यूटी में की गई कटौती के चलते देश में ईंधन की कीमतें नियंत्रण में रही हैं।

मंत्री पुरी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि पिछले चार वर्षों में वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतों में 70 प्रतिशत तक का भारी इज़ाफा हुआ है, जबकि इसके मुकाबले भारत में केवल 7 प्रतिशत की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही उन्होंने देश में घरेलू एलपीजी उत्पादन बढ़ने की भी जानकारी दी, जिससे आम उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है।

छप्पन दुकान पर पीएनजी के उपयोग की सराहना

पेट्रोल पंपों के निरीक्षण के अलावा हरदीप सिंह पुरी सपरिवार इंदौर के प्रसिद्ध ‘छप्पन दुकान’ भी पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखा और व्यापारियों व नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने शहर की स्वच्छता की प्रशंसा करते हुए इस बात पर विशेष ज़ोर दिया कि छप्पन दुकान की दुकानों पर खाना पकाने के लिए स्वच्छ ईंधन यानी पाइप्ड नेचुरल गैस का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने इंदौर से अपने पुराने रिश्तों को भी याद किया। पुरी ने बताया कि 1970 के दशक से ही शहर के साथ उनका व्यक्तिगत और पारिवारिक जुड़ाव रहा है, जो राज्यसभा सांसद बनने के बाद और अधिक प्रगाढ़ हो गया है।

Next Post

पंचक्रोशी यात्रा व कार्तिक मेले में खंडवा पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

Sun Nov 22 , 2026
ओंकारेश्वर। श्री ओंकारेश्वर में मां नर्मदा की पंचक्रोशी यात्रा दिनांक 20 नवंबर 2026 को गौमुख घाट से प्रारंभ होकर दिनांक 24 नवंबर 2026 को श्री ओंकारेश्वर में संपन्न होगी। इसी दौरान कार्तिक मेले का भी आयोजन किया जा रहा है। पंचक्रोशी यात्रा एवं कार्तिक मेले के दृष्टिगत बड़ी संख्या में […]

You May Like