शिवपुरी:करैरा नगर में नया बस स्टैंड स्थित कनकने वस्त्रालय के मकान, दुकान और गोदाम में शनिवार तड़के भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि मकान और गोदाम पूरी तरह जलकर खाक हो गया. जबकि दुकान को कुछ हद तक बचा लिया गया. घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कपड़े और साड़ियों का बड़ा स्टॉक जलने से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है.
जगदीश कनकने करैरा में नया बस स्टैंड इलाके में रहते हैं. यहां उनकी कनकने वस्त्रालय के नाम से दुकान और गोदाम है. तड़के करीब 4 बजे अचानक भीषण आग लग गई. इस घटना में लाखों रुपए के कपड़े और साड़ियां जलकर राख हो गईं. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने 3 घंटे की मशक्कत के बाद शनिवार सुबह 7 बजे आग पर काबू पा लिया.
बताया गया है कि कपड़ा व्यापारी जगदीश कनकने के मकान में नीचे दुकान और उसके पीछे गोदाम था. ऊपरी मंजिल पर उनका परिवार रहता था. रात में आग लगने से गोदाम और मकान पूरी तरह उसकी चपेट में आ गए. धुआं बढ़ने पर परिवार के सदस्यों ने छज्जे से साड़ी बांधकर नीचे उतरकर किसी तरह अपनी जान बचाई.आग पर काबू पाने के लिए करैरा नगर परिषद के साथ ही शिवपुरी, नरवर और मगरौनी से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी, तब जाकर स्थिति को नियंत्रण में किया जा सका.
