
सिंगरौली। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की परीक्षा में ग्राम भुड़कुड़ निवासी विवेक उपाध्याय ने 67वीं रैंक हासिल कर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस सफलता के साथ उनका चयन सचिवालय में आरो (समीक्षा अधिकारी) पद पर हुआ है। खास बात यह रही कि विवेक ने यह उपलब्धि अपने पहले ही प्रयास में हासिल की, जिससे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं।
विवेक उपाध्याय ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर, विंध्यनगर सिंगरौली से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने एनटीटी श्रीनगर से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। साधारण परिवार से आने वाले विवेक के पिता नरेंद्र उपाध्याय (लल्लू) किसान हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती सरोज उपाध्याय शासकीय शिक्षिका हैं।
पारिवारिक पृष्ठभूमि भी प्रेरणादायक रही है। विवेक कुल पांच भाई-बहनों में शामिल हैं। उनकी बड़ी बहन नीतू मिश्रा रायपुर में डाइटिशियन के रूप में कार्यरत हैं, वहीं उनके जीजा प्रवीण मिश्रा जीएसटी अधीक्षक हैं। बड़े भाई निरंजन उपाध्याय एनसीएल में कार्यरत हैं, जबकि छोटी बहन महिमा उपाध्याय और छोटे भाई सौरव उपाध्याय सिविल सेवा की तैयारी कर रहे हैं।
विवेक ने अपनी सफलता का श्रेय पूरे परिवार को देते हुए विशेष रूप से अपने नाना पीपी त्रिपाठी और दादा चित्रकूट राम उपाध्याय के मार्गदर्शन और आशीर्वाद को अहम बताया है।
उनकी इस उपलब्धि पर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, भाजपा नेता गिरीश द्विवेदी एवं अरविंद द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
