छतरपुर। दक्ष इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल्स साइंस की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन गोद ग्राम ब्रजपुरा में हुआ। समापन समारोह में ग्राम ब्रजपुरा के सरपंच पंकज मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में स्थानीय समाजसेवी, ग्रामीण और महाविद्यालय के शिक्षक भी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर शशांक चौरसिया और महिला कार्यक्रम अधिकारी अनीता देवी शिवहरे के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने गांव में विभिन्न सामाजिक गतिविधियां संचालित कीं। समापन समारोह में मुख्य अतिथि ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को समाज से जोड़ने का सशक्त माध्यम है और ऐसे शिविर ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सात दिनों तक चले इस शिविर में विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान, श्रमदान, वृक्षारोपण, साक्षरता अभियान, नारा लेखन और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। साथ ही स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति और डिजिटल जागरूकता जैसे विषयों पर भी लोगों को जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में ग्रामीणों का रक्तचाप और मधुमेह की जांच की गई, जिसमें लगभग 55 प्रतिशत लोगों में इन बीमारियों के लक्षण पाए गए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य चंद्रप्रकाश चौरसिया, रवीना और आरती सहित अन्य कर्मचारी व स्वयंसेवक भी मौजूद रहे।
