सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र की बांधवगढ़ कॉलोनी में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात एक घर में चोरी हुई और दूसरे घर में चोरी का प्रयास किया गया। जब चोरों को लगा कि वह पकड़े जाएंगे तो भाग निकले।पता चला है कि कॉलोनी के आवास एलआईजी 31 में रहने वाले राजकुमार बलेजा के घर की छत पर चढ़े बदमाशों ने छत पर रखे वैक्यूम क्लीनर, वाटर मोटर पंप और पंखा सहित अन्य सामान चोरी कर लिए।
शनिवार सुबह जब राजकुमार बलेजा छत पर गए तब उन्हें चोरी का पता चला। चोरों ने इस घर के ठीक बगल में रहने वाले पत्रकार इमामुद्दीन सिद्दीकी के घर की छत पर लगे एसी के दो आउटडोर यूनिट खोल लिए। उसी वक्त पड़ोसी इंद्रलाल सिंह जाग गए, जिन्हें देखकर बदमाश एसी की आउटडोर यूनिट छोड़कर भाग गए। पत्रकार सिद्दीकी ने घटना की सूचना पुलिस के पास दर्ज कराई है।
एसी की आउटडोर यूनिट चोरी करने के प्रयास से इतना तो साफ हो गया है कि बदमाशों ने वारदात में रात के वक्त ऑटो रिक्शा, टेंपो या अन्य किसी बड़े वाहन का इस्तेमाल किया होगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरा के फुटेज से आरोपी का पता लगाने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद से रात गश्त को लेकर सवाल हो रहा है कि क्या पुलिस रात में मौजूद नहीं रहती और अगर रहती है तो क्या आने जाने वालों को रोकती टोकती नहीं है, क्या रात के वक्त वाहनों की जांच नहीं करती है।
