
भिण्ड। निर्माणाधीन बायपास रोड पर धरई गांव के रास्ते पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर क्रेन की मदद से रखा गया आरसीसी का गर्डर टूटकर जमीन पर गिर गया। हादसे में एक श्रमिक घायल हो गया। हादसे के समय पैडस्टल पर चार लोग थे, जिनमें से एक नीचे गिर गया। हादसे के बाद बंबा की ओर से आकर धरई के लिए जाने वाला रास्ता अवरुद्ध हो गया। घटना की जानकारी लगते ही पीपरी सर्किल के नायब तहसीलदार देवेंद्र सिंह तोमर मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक तौर पर बताया गया कि क्रेन से रखते समय गर्डर फिसल जाने से नीचे गिर गया। हालांकि लोगों ने गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए, लेकिन तोमर ने कहा कि यह तो विशेषज्ञ टीम जांच करने के बाद ही कोई राय देगी। एनएचएआई इस बायपास का निर्माण करीब 148 करोड़ रुपए की लागत से करवा रही है, आरसीसी का गर्डर पैडस्टल पर रखते समय हादसा हो गया। चार श्रमिक पैडस्टल पर चढ़े थे, जिनमें से एक गिर गया, जिसे उपचार के लिए ले जाया गया। हादसे के बाद गैस कटर मंगवाकर गर्डर को काटने का काम शुरू करवा दिया गया है।
