नयी दिल्ली 24 जनवरी (वार्ता) यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन चार दिन की भारत यात्रा पर शनिवार को यहां पहुंची और वाणिज्य तथा उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका हवाई अड्डे पर स्वागत किया। सुश्री डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंतोनियो लुईस सैंटोस दा कोस्टा इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि होंगे। श्री कोस्टा का रविवार को यहां पहुंचने का कार्यक्रम है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में दोनों नेताओं की भारत यात्रा को भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी के अगले चरण की रूपरेखा करार दिया है।
उन्होंने कहा,” भारत–यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी के अगले चरण की रूपरेखा। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन का भारत में उनके राजकीय दौरे पर हार्दिक स्वागत। उनका स्वागत वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने किया। विश्व के दो सबसे बड़े लोकतंत्र होने के नाते, भारत और यूरोपीय संघ आपसी विश्वास और साझा मूल्यों पर आधारित साझेदारी साझा करते हैं।”
विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर रविवार शाम दोनों यूरोपीय नेताओं से मुलाकता करेंगे। सोमवार को दोनों नेता सुबह कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।
बाद में शाम को वह राष्ट्रपति भवन में एट होम कार्यक्रम में रहेंगे।
दोनों नेता मंगलवार को सुबह राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे हैदराबाद हाऊस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ 16वें भारत–ईयू शिखर सम्मेलन की सह अध्यक्षता करेंगे। श्री कोस्टा उसी दिन अपह्रान भारत मंडपम ने एक व्यापार बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोनों नेता पहले उप राष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन से मिलेंगे और बाद में राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे।
सुश्री डेर लेयेन उसी दिन रात स्वदेश रवाना हो जायेंगी जबकि श्री कोस्टा अगले दिन सुबह दिल्ली से रवाना होंगे।
