ट्रेनों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

आमला/बैतूल। ट्रेनों में बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक आरोपी को जीआरपी आमला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खुद को भोपाल केंद्रीय जेल का अधिकारी बताकर लोगों से पैसे ऐंठता था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेनों में हो रही धोखाधड़ी और जालसाजी की घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल राहुल कुमार लोढ़ा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतू डाबर और उप पुलिस अधीक्षक रामस्नेही चौहान के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।

मामला 29 जनवरी 2026 का है, जब आमला-छिंदवाड़ा मेमो पैसेंजर ट्रेन में एक व्यक्ति ने आवेदिका लताशा चौहान, निवासी जुन्नारदेव, को भोपाल केंद्रीय जेल में जेल प्रहरी की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने पहले 1050 रुपये ले लिए और ट्रेनिंग के नाम पर 25,500 रुपये और मांगने लगा। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय भोपाल के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध राजपाल यादव के मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच और लोकेशन के आधार पर 13 मार्च 2026 को ट्रेन नंबर 12722 दक्षिण एक्सप्रेस में सघन जांच की। जांच के दौरान स्लीपर कोच में संदिग्ध हुलिए का एक व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इंद्रपाल पाल (55 वर्ष) निवासी खंजनपुर थाना गंज बैतूल बताया। उसने स्वीकार किया कि वह बैतूल, छिंदवाड़ा, भोपाल और इंदौर के बीच चलने वाली ट्रेनों में बेरोजगार युवक-युवतियों को अपना नाम राजपाल यादव, उप जेल अधिकारी भोपाल बताकर नकली विजिटिंग कार्ड दिखाता था और नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे वसूलता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पुलिस के जूते, पुलिस की टोपी, नकद राशि और जालसाजी से जुड़े नकली दस्तावेज बरामद किए हैं। आवेदिका लताशा चौहान की शिकायत पर थाना जीआरपी आमला में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय बैतूल में पेश किया गया।

इस कार्रवाई के साथ ही जीआरपी आमला पुलिस को ट्रेनों में हो रही धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में आरोपी को पकड़ने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

Next Post

फ्लेक्स विवाद के बीच लोक अदालत में कर वसूली, 10 लाख से अधिक जमा

Sat Mar 14 , 2026
आमला। नगर पालिका आमला द्वारा कर वसूली को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को न्यायालय परिसर में आयोजित लोक अदालत में बड़ी संख्या में बकायादारों ने अपने बकाया कर का भुगतान किया। लोक अदालत में संपत्तिकर के 193 बकायादारों ने लगभग 8 लाख रुपये जमा किए, जबकि […]

You May Like