
इंदौर. चंदन नगर थाना क्षेत्र स्थित ताप्ती परिसर में देर रात एक युवक ने मल्टी की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.
पुलिस के मुताबिक 23 वर्षीय मृतक की पहचान राज पिता मनोज मकवाना के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2 से 3 बजे के बीच राज गर्मी लगने के कारण मल्टी के नीचे टहल रहा था. इसी दौरान वहां मौजूद चौकीदार ने उससे देर रात घूमने का कारण पूछा और कुछ ही देर में पुलिस की गश्ती गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई. परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने राज से पूछताछ करते हुए उसे थप्पड़ मारे, जिससे वह बुरी तरह घबरा गया. उन्हें डर था कि पुलिस उसे पकड़कर ले जाएगी. इसी घबराहट में वह भागते हुए मल्टी की पांचवीं मंजिल पर पहुंचा और वहां से छलांग लगा दी. सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इधर जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि राज कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहा था और उसका इलाज भी चल रहा था. पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया.
