
इंदौर. खजराना क्षेत्र में शनिवार रात अवैध अहाते का विरोध कर रहीं महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया. वीडियो बना रहीं महिला का मोबाइल छीनने और धक्का-मुक्की का आरोप है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया.
बंगाली चौराहे स्थित शराब दुकान के पास अवैध अहाता संचालित होने के विरोध में पास के किशकिंधा अपार्टमेंट की महिलाएं सड़क पर उतर आईं. अपार्टमेंट में करीब 24 परिवार रहते हैं. महिलाएं अहाते का वीडियो बनाने पहुंचीं और अवैध कब्जे का आरोप लगाया. इसी दौरान अहाते से जुड़े कुछ लोगों ने विरोध कर रहीं महिलाओं से विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी. महिलाओं का आरोप है कि दुकान के कर्मचारियों ने वीडियो बना रहीं कविता रोकड़े का मोबाइल छीन लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की की. घटना के बाद क्षेत्र में देर रात तक हंगामे की स्थिति बनी रही. सूचना मिलते ही खजराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद समझाइश देकर मामला शांत कराया. रहवासियों का कहना है कि शराब दुकान के कारण सड़क पर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है और वाहन खड़े होने से आवाजाही प्रभावित होती है. महिलाओं ने छेड़छाड़ की घटनाएं होने का भी आरोप लगाया है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, वे इस मामले की शिकायत कई बार कलेक्टर से कर चुके हैं और शराब दुकान हटाने की मांग भी कर चुके हैं. उनका आरोप है कि अवैध अहाते के चलते सड़क पर अतिक्रमण बढ़ गया है, जिससे रोजाना परेशानियां हो रही हैं.
