बारिश के मौसम में आम नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने अधीक्षण अभियंता ने की अपील

दमोह। म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. दमोह के अधीक्षण अभियंता द्वारा आम नागरिकों से बारिश के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में बिजली के खंभों से सुरक्षित दूरी बनाये रखें क्योंकि खराब मौसम के दौरान लीकेज करेंट, तार टूटने तथा अन्य विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।

अधीक्षण अभियंता अमित चौहान द्वारा जिले के आम नागरिकों से यह भी अनुरोध किया गया है कि विद्युत लाईनों एवं ट्रांसफार्मरों से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें, हाई टेंशन और एल.टी.लाइनों से पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाये रखें। अपने पालतू पशुओं को बिजली के खंभों या स्टे वायर से न बांधें।

जल-भराव वाले स्थानों पर एवं बिजली के खंभों के पास जाने से बचें तथा ऐसे स्थानों पर रखे विद्युत उपकरणों का उपयोग न करें। छत या दीवारों से रिसाव, खराब या पुरानी वायरिंग, ढीले कनेक्शन तथा कमजोर अर्थिंग के कारण करेंट फैलने का खतरा बना रहता है इसलिए समय-समय पर किसी प्रमाणित इलेक्ट्रिशियन से घरेलू वायरिंग और अर्थिंग की जांच कराते रहें। कटे-फटे तारों को बदलें और इनका कतई उपयोग न करें, यदि कहीं बिजली का तार, केबिल या पोल टूटा हुआ दिखाई दे तो उसके पास न जायें न ही उसे उठाने का प्रयास करें, ऐसी स्थिति जानलेवा हो सकती है।

अधीक्षण अभियंता श्री चौहान ने सुरक्षा की दृष्टि से जिले के विद्युत उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि उनके क्षेत्र में यदि कहीं भी बिजली का तार, केबिल या पोल टूटा हुआ दिखाई दे तो उससे पर्याप्त दूरी बनाते हुए, उसकी सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दें। विद्युत संबंधी शिकायत अथवा आपात स्थिति में कंपनी के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा समीप के विद्युत वितरण केन्द्र कार्यालय में सूचना दे सकते हैं।

Next Post

5 किलो 80 ग्राम गांजा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, सह-आरोपी की तलाश 

Thu Jul 30 , 2026
सीधी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत जिला सीधी पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं […]

You May Like