केन्द्र ने आपदा प्रभावित छह राज्यों के लिए 1912 करोड़ रुपये की सहायता राशि मंजूर की

नयी दिल्ली 13 मार्च (वार्ता) केन्द्र सरकार ने वर्ष 2025 में बाढ़, आकस्मिक बाढ़, बादल फटने , चक्रवात ‘मोंथा’ और भूस्खलन से प्रभावित आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड तथा केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के लिए 1,912.99 करोड़ रुपए की अतिरिक्त केन्द्रीय सहायता को मंजूरी दी है।केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई एक उच्चस्तरीय समिति की बैठक में यह मंजूरी दी गयी।

गृह मंत्रालय ने एक वक्तव्य में बताया कि यह केन्द्रीय सहायता राष्ट्रीय आपदा मोचन कोष से प्रदान की गई है, जो वर्ष की प्रारंभिक शेष राशि में उपलब्ध राज्य आपदा मोचन कोष के 50 प्रतिशत के समायोजन के अधीन है।

मंजूर की गयी कुल राशि 1,912.99 करोड़ रुपए में से, आंध्र प्रदेश के लिए 341.48 करोड़ रुपए, छत्तीसगढ़ के लिए 15.70 करोड़ रुपए, गुजरात के लिए 778.67 करोड़ रुपए, हिमाचल प्रदेश के लिए 288.39 करोड़ रुपए, नगालैंड के लिए 158.41 करोड़ रुपए तथा जम्मू-कश्मीर के लिए 330.34 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

सरकार प्राकृतिक आपदाओं और विपत्तियों के समय राज्य सरकारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रही है।

यह अतिरिक्त सहायता उस धनराशि से अतिरिक्त है जो केन्द्र सरकार द्वारा राज्य आपदा मोचन कोष के तहत राज्यों को पहले ही जारी की जा चुकी हैं और जो राज्यों के पास खर्च के लिए उपलब्ध हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान, केन्द्र सरकार ने 28 राज्यों को राज्यों के कोष के तहत 20,735.20 करोड़ रुपए तथा 21 राज्यों को राष्ट्रीय कोष के तहत 3,628.18 करोड़ रुपए जारी किए हैं।

इसके अतिरिक्त, राज्य आपदा न्यूनीकरण कोष से 23 राज्यों को 5,373.20 करोड़ रुपए तथा राष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण कोष से 21 राज्यों को 1,189.56 करोड़ रुपए भी जारी किए गए हैं।

Next Post

आंध्र प्रदेश में अवैध ड्रग बनाने वाली फैक्ट्री पर डीआरआई की छापेमारी

Fri Mar 13 , 2026
नयी दिल्ली, 13 मार्च (वार्ता) ऑपरेशन “व्हाइट हैमर” के तहत आंध्र प्रदेश में अवैध अल्प्राज़ोलाम फैक्ट्री पर केंद्रीय वित्त मंत्रालय की एजेंसी राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने छापेमारी कर 47 करोड़ रुपये की 237 किलोग्राम नशे की गोली और इन्हें बनाने में काम आने वाला 3.5 टन से […]

You May Like