
जबलपुर। गोराबाजार थाना अंतर्गत पुरानी बस्ती कजरावारा पंडित मोहल्ला में हुई चोरी की वारदात अनसुलझी है जहां चोरी हुई थी वहां अज्ञात जूते भी मिले है। पुलिस अब तक न तो चोर का पता लगा पाई है और न ही जीते किसके है इसका कोई सुराग जुटा पाई है। अब घर मालिक ने चोर का पता बताने वाले पर दस हजार रूपए का ईनाम घोषित कर दिया है।
विदित हो कि कंछीलाल उपाध्याय निवासी पुरानी बस्ती कजरावारा पंडित मोहल्ला में अपनी पत्नि के साथ रहता है वह खमारिया फैक्ट्री से वर्ष 2002 से रिटायर्ड है। 10 मई की शाम करीब 6 बजे घर के दरवाजे व गेट में ताला लगाकर पूजा करने पत्नि के साथ लडके राजेश उपाध्याय के घर नर्मदा नगर बिलहरी गए थे। दूसरे दिन 11 मई को सुबह 8 बजे घर कजरवारा वापस लौटे तो देखा गेट का ताला लगा हुआ था। दोनों अलमारी में रखे जेवरात, नगदी रूपए गायब थे। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया । मामले में अखिल भारतीय मानव अधिकार समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय पांडेय ने बताया है कि वारदात के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी छानबीन भी की। चोरी वाले स्थान में अज्ञात जूते मिले थे जो आज भी रखे है, लेकिन पुलिस अब तक चोर का पता नहीं लगा पाई है। घर मालिक ने चोरों को पकड़वाने वाले को 10 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। अजय पांडेय ने पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय को पत्र भेज कर चोरी करने वालों को गिरफ्तार कर समान की बरामदगी करने की मांग की है।
