
सिंगरौली । जिले के दूरस्थ लंघाडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत साजावार तिराहे स्थित जिओ टावर के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया के डिवाइडर से टकराते हुये दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक युवक उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम ओड़गड़ी निवासी अम्बर सिंह पिता राम सिंह उम्र 28 वर्ष हरिलाल सिंह पिता धीरू सिंह उम्र 26 वर्ष दोनों मोटरसाइकिल में सवार होकर आज दोपहर के वक्त काफी तेज गति से आ रहे थे कि लंघाडोल थाना क्षेत्र के साजावार तिराहा के पास पुलिया के डिवाइडर से टकरा गये। जहां मोटरसाइकिल करीब 20 फीट दूर उछल कर जा गिरी। वहीं बाईक में सवार एक युवक पर डिवाइडर का मलवा गिर पड़ा। इधर घटना की खबर आसपास के लोगों को लगी, जहां घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष महमूद खान एवं उनके सहयोगी शिव प्रसाद शाह ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर बैढ़न पहुंचाया गया। उपचार के दौरान अम्बर सिंह की मौत हो गई। जबकि उसका दूसरे साथी का इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि मोटरसाइकिल काफी तेज गति में थे। फुटबॉल की तरह उछलते हुये काफी दूर जाकर बाईक गिरी और पीछे सवार युवक भी सड़क से दूर जाकर गिरा। मौत एवं घायल होने का मुख्य कारण तेज गति है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
००००००
