नयी दिल्ली, 05 जून (वार्ता) केंद्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के भांगर बम विस्फोट मामले में व्यापक तलाशी अभियान चलाकर एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। धमाके में मारे गये और बम बनाने के घायल हुए आरोपियों को लाने-ले जाने के लिए इस्तेमाल की गयी स्कॉर्पियो कार के ड्राइवर सैनूर मोल्ला की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर तीन हो गयी है। यह घटना पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से पहले की है जब आरोपी और उसके सहयोगी देसी बम बना रहे थे।इस मामले के मुख्य संदिग्ध और साजिशकर्ता पूर्व विधायक तथा भगोड़े शौकत मोल्ला के आवास और संदिग्ध ठिकानों सहित कुल आठ स्थानों पर आज तलाशी ली गयी। इसके अलावा मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और संदिग्धों से जुड़े परिसरों की भी तलाशी ली गयी।
इसमें कई आपत्तिजनक सामग्रियां, दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और डिजिटल साक्ष्य जब्त किये गये हैं। इन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।एनआईए जांच से पता चला है कि विस्फोट के बाद आरोपी सैनूर मोल्ला ने ही उस स्कॉर्पियो वाहन को चलाया था, जिसका इस्तेमाल धमाके में मारे गये एक व्यक्ति और अन्य घायलों को ले जाने के लिए किया गया था। वह मृतक और घायलों को पहले एक स्थानीय अस्पताल और फिर एक अन्य स्थान पर ले गया था, जहां उसने उन्हें एम्बुलेंस में डाल दिया था।इस मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका एम्बुलेंस ड्राइवर फिलहाल न्यायिक हिरासत में है। गृह मंत्रालय (एमएचए) के निर्देशों पर इस मामले को अपने हाथ में लेने वाली एनआईए, इस घटना के पीछे की बड़ी साजिश में आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। शौकत मोल्ला सहित अन्य भगोड़ों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास लगातार जारी हैं।

