ग्वालियर: ऐलिवेटेड रोड के पास हनुमान बांध पर गंभीर दरारें आ गई है। कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने इस संबंध में नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई है।शिकायत के अनुसार, बांध के दो पिलरों के बीच लगभग 2 मीटर का स्पैन है, जहां पूरे स्पैन की दीवार तक की कंक्रीट टूटकर नीचे गिर गई है। इससे स्लैब पुल की संरचना कमजोर हो गई है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तत्काल राफ्टर सपोर्ट देकर स्लैब को सहारा दिया जाए तो पुल को सुरक्षित किया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि ऐलिवेटेड रोड बनने के बाद से भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ी है। भारी ट्रकों और डंपरों के गुजरने से हनुमान बांध में कंपन उत्पन्न हो रहा है, जिसके कारण पिलरों और स्लैब में दरारें आ गई हैं। साथ ही आसपास की सड़कों पर भी गड्ढे बनने लगे हैं, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी टीम से जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जब तक मरम्मत कार्य पूरा न हो जाए, तब तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। नागरिकों का कहना है कि समय रहते उचित कदम उठाना बेहद जरूरी है, अन्यथा यह संरचनात्मक क्षति बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
