माली में अपहृत पांच भारतीयों की जल्द रिहाई के प्रयास जारी: भारतीय दूतावास

बमाको 10 नवंबर (वार्ता) अफ्रीकी देश माली स्थित भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह कोबरी शहर में अपहृत पांच भारतीय नागरिकों की जल्द और सुरक्षित रिहाई के लिए स्थानीय प्रशासन और नियोक्ता कंपनी के साथ मिलकर हर संभव कोशिश कर रहा है।
दूतावास ने सोशल मीडिया में एक पोस्ट में कहा कि उसे इस मामले की जानकारी है और अपहृत भारतीयों को छुड़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्ट में कहा गया है,”गत छह नवंबर को हमारे पांच नागरिकों के अपहरण की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से दूतावास अवगत है। इनकी जल्द से जल्द सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करने के लिए दूतावास संबंधित अधिकारियों और कंपनी के साथ मिलकर काम कर रहा है।”
इस बीच रेडियो फ्रांस इंटरनेशनल ने बताया है कि नियोक्ता कंपनी के एक अधिकारी ने कहा है कि इस मामले के त्वरित समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। रेडियों ने कहा है कि यह पता चला है कि अपहरणकर्ता गत आठ नवंबर को बंधकों की रिहाई की शर्तों पर सहमत नहीं हो पाए और प्रारंभिक स्तर की वार्ता विफल हो गई।
ये भारतीय पश्चिमी माली के कोबरी शहर के पास रात के समय अपने आवास शिविर में पहुंचे ही थे तभी भारी हथियारों से लैस लोग वहां पहुंचे और उन्हें अपने साथ ले गए। शिविर में मौजूद बत्तीस अन्य भारतीय कर्मचारी अपहरणकर्ताओं से बच निकले। उन्हें सुरक्षित रूप से माली की राजधानी पहुंचाया गया।
गौरतलब है कि बमाको-कायेस क्षेत्र में कई सशस्त्र गिरोह सक्रिय हैं और अपहरण करके फिरौती वसूलने में सक्रिय रहते हैं।

Next Post

जिला अस्पताल में लापरवाही: एक्सपायरी ग्लूकोज की बोतलें खुले में फेंकीं

Mon Nov 10 , 2025
रायसेन। जिला अस्पताल में औषधि भंडार गृह के पास एक्सपायरी डेट की ग्लूकोज बोतलें खुले में फेंके जाने का मामला सामने आया है। यह बोतलें अस्पताल परिसर में ऑक्सीजन प्लांट के पीछे पड़ी मिलीं, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा भी बना हुआ है। जानकारी मिलने पर जब अस्पताल के स्टोर […]

You May Like