नयी दिल्ली, 24 मार्च,(वार्ता) मोबाइल ईकोसिस्टम के वैश्विक संगठन जीएसएमए के निदेशक मंडल ने भारती एयरटेल के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक (एमडी) गोपाल विट्टल को 2026 के अंत तक के लिए अपना नया अध्यक्ष चुना है।
श्री विट्टल अभी जीएसएमए बोर्ड के कार्यवाहक अध्यक्ष हैं। अध्यक्ष के रूप में अपनी भूमिका में श्री विट्टल जीएसएमए की रणनीतिक दिशा की देखरेख करेंगे। इस प्रतिष्ठित निकाय के सदस्यों में दुनिया भर की 1000 दूरसंचार कंपनियाँ, हैंडसेट और डिवाइस कंपनियाँ, सॉफ़्टवेयर कंपनियाँ, उपकरण प्रदाता, इंटरनेट कंपनियाँ, साथ ही आस-पास के उद्योग क्षेत्रों के संगठन शामिल हैं।
भारतीय एंटरप्राइजेज के प्रमुख सुनील भारती मित्तल के बाद श्री विट्टल बोर्ड के अध्यक्ष चुने जाने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं। यह नियुक्ति वैश्विक दूरसंचार उद्योग में एयरटेल के महत्वपूर्ण प्रभाव को भी उजागर करती है, क्योंकि श्री मित्तल और श्री विट्टल दोनों ने वर्षों तक जीएसएमए बोर्ड में प्रमुख पदों पर कार्य किया है।
श्री विट्टल ने कहा, “मैं जीएसएमए बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में चुने जाने पर गौरवान्वित हूँ। मोबाइल उद्योग ने 2024 में वैश्विक अर्थव्यवस्था में 6.5 लाख करोड़ डॉलर का योगदान दिया है और यह वह रीढ़ है जिस पर दुनिया में अधिकांश नवाचार आधारित हैं। मोबाइल पारिस्थितिकी तंत्र को एकीकृत करने वाले एक वैश्विक संगठन के रूप में जीएसएमए सभी के लिए सकारात्मक परिवर्तन को प्रभावित करने वाले नवाचार की खोज, विकास और वितरण के लिए मौलिक है। मैं इस महत्वपूर्ण कार्य को जारी रखने के लिए जीएसएमए टीम और बोर्ड के बाकी सदस्यों के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूँ।”
जीएसएमए के महानिदेशक मैट्स ग्रैनरीड ने कहा “ मैंने कई वर्षों तक श्री विट्टल के साथ काम किया है और मुझे खुशी है कि उन्हें जीएसएमए बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया है। उनका ज्ञान और अनुभव उन्हें बोर्ड और उद्योग को वर्तमान चुनौतियों और अवसरों के माध्यम से नेतृत्व करने के लिए बहुत अच्छी स्थिति में रखता है, जिसमें नए व्यावसायिक मॉडल और राजस्व धाराओं के लिए एआई और पूर्ण 5जी का लाभ उठाना शामिल है।”
श्री विट्टल ने पिछले तीन वर्षों से उपाध्यक्ष के रूप और एक दशक से अधिक समय से विभिन्न क्षमताओं में जीएसएमए बोर्ड में काम किया है। हाल ही में, उन्हें 2025 की शुरुआत में जीएसएमए बोर्ड का कार्यवाहक अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था और अब उन्हें औपचारिक रूप से जीएसएमए बोर्ड का अध्यक्ष चुना गया है। वह 2026 के अंत तक बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में काम करेंगे।

