इंदौर:शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने एमआर-10, एबी रोड, एमजी रोड और राजवाड़ा समेत प्रमुख क्षेत्रों में ड्रोन सर्विलांस शुरू किया है. पिक आवर्स में नियम तोड़ने वालों पर मौके पर ही कार्रवाई की जा रही है.शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह और डीसीपी (यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में ट्रैफिक पुलिस आधुनिक तकनीक का उपयोग बढ़ा रही है. इसी के तहत अब प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है.
ड्रोन से मिले इनपुट के आधार पर मौके पर मौजूद ट्रैफिक टीम द्वारा तुरंत कार्रवाई की गई. इस दौरान नो पार्किंग, सिग्नल तोड़ने और रॉंग साइड चलने वाले वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई. ट्रैफिक के चारों जोन में अलग अलग ड्रोन टीमें तैनात कर पिक आवर्स में विशेष निगरानी रखी जा रही है. ड्रोन सर्विलांस के तहत राजवाड़ा, फ्रूट मार्केट, यशवंत रोड, खजूरी बाजार, सराफा, संजय सेतु, नंदलालपुरा और मृगनयनी क्षेत्र सहित चंदगुप्त मौर्य, रेडिसन, विजयनगर, रसोमा, एमआर-9, एलआईजी, पलासिया, घंटाघर, गीता भवन और इंडस्ट्रीज हाउस जैसे प्रमुख स्थानों को कवर किया. जहां भी ट्रैफिक जाम या बाधा नजर आई, वहां से तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी गई. कंट्रोल रूम ने नजदीकी ट्रैफिक पॉइंट को अलर्ट कर तुरंत व्यवस्था दुरुस्त कराई. पुलिस का कहना है कि आगे भी शहर के प्रमुख मार्गों पर ड्रोन सर्विलांस लगातार जारी रहेगा, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके
