खंडवा: खालवा थाना अंतर्गत खालवा-शेखपुरा मार्ग पर कोठा बस स्टैंड के पास दर्दनाक सडक़ हादसा हुआ है। सब्जी बेचकर घर जा रही महिला सुमित्रा पति कैलाश को आयशर ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद महिला को ट्रक ने लगभग 20 फीट तक घसीटा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद ट्रक गहरी नाली में गिर गया।
घटनास्थल पर मौजूद दूसरे ट्रक ड्राइवर ने बताया कि यह ट्रक पुणे से जबलपुर केमिकल लेकर जा रहा था। आग लगने का खतरा भी बना हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही खालवा थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, यह क्षेत्र अंधे मोड़ और तीव्र टर्निंग वाला है, जहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
