सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर रहाणे करेंगे टेस्ट कमेंट्री की शुरुआत

मुंबई, 12 अगस्त (वार्ता) भारत के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे 15 से 27 अगस्त तक होने वाले भारत के श्रीलंका दौरे के दौरान सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर टेस्ट कमेंट्री में अपना करियर शुरु करने जा रहे हैं।
रहाणे ने हाल ही में अपने 18 साल के क्रिकेट करियर को अलविदा कहा है।अब वह कमेंट्री बॉक्स में एक नई भूमिका निभाएंगे और दो मैचों की टेस्ट सीरीज में अपने अनुभव और नज़रिए को सामने रखेंगे। इस सीरीज का प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा और इसे सोनी लिव पर प्रसारित किया जाएगा।

भारत के लिए 85 टेस्ट मैच खेलने वाले रहाणे ने 5,077 रन बनाए हैं, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। रेड-बॉल क्रिकेट, मैच की स्थितियों और खेल की बारीकियों की उनकी गहरी समझ प्रसारण में एक नया आयाम जोड़ेगी। वह अहम पलों, रणनीतियों और मुकाबलों का विश्लेषण करेंगे ताकि फैंस को यह बेहतर ढंग से समझ आ सके कि टेस्ट मैच कैसे आकार लेता है। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के स्पोर्ट्स और इंटरनेशनल के चीफ रेवेन्यू ऑफिसर और बिजनेस हेड, राजेश कौल ने कहा, “अजिंक्य रहाणे हमेशा से अपने संयम, मज़बूती और खेल की गहरी समझ के लिए जाने जाते रहे हैं। जब वह सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव पर टेस्ट कमेंट्री में पर्दापण करेंगे, तो दर्शकों को उस फॉर्मेट पर उनका नज़रिया सुनने को मिलेगा जिसे वह बहुत अच्छी तरह समझते हैं।

भारत के श्रीलंका दौरे के लिए हमारे कमेंट्री पैनल में उन्हें शामिल करके हमें खुशी है और हम उस अनुभव और जानकारी का इंतजार कर रहे हैं जो वह हमारी कवरेज में लाएंगे।” रहाणे ने कहा, “मैं सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव पर भारत के श्रीलंका दौरे के लिए टेस्ट कमेंट्री में अपना डेब्यू करने को लेकर उत्साहित हूं। टेस्ट क्रिकेट हमारे खेल का सबसे बड़ा फॉर्मेट है, और इतने सालों तक इस फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद, अब खेल को एक अलग नजरिए से देखना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं अपने अनुभव साझा करने, खेल की बारीकियों को समझाने और फैंस को उन फैसलों, रणनीतियों और पलों के बारे में जानकारी देने के लिए उत्सुक हूं जो टेस्ट मैच को आकार दे सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि मैं फैंस के लिए प्रसारण के अनुभव को और बेहतर बना पाऊंगा और उन्हें मैदान पर होने वाली चीज़ों की गहरी समझ दे पाऊंगा।”

.....

Next Post

आप ने रेखा सरकार पर साइकिल खरीद में घोटाले का आरोप लगाया

Wed Aug 12 , 2026
नयी दिल्ली, 12 अगस्त (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली सरकार की ओर से स्कूली छात्राओं को वितरित साइकिलों की खरीद में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए सरकारी और रिटेल में खरीदी गयी साइकिल को आमने-सामने रखकर सवाल उठाये हैं। ‘आप’ के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने […]

You May Like