आप ने रेखा सरकार पर साइकिल खरीद में घोटाले का आरोप लगाया

नयी दिल्ली, 12 अगस्त (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली सरकार की ओर से स्कूली छात्राओं को वितरित साइकिलों की खरीद में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए सरकारी और रिटेल में खरीदी गयी साइकिल को आमने-सामने रखकर सवाल उठाये हैं। ‘आप’ के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में दोनों साइकिलें दिखाते हुए दावा किया कि जिस साइकिल को सरकार ने 6,957 रुपये में खरीदा, वही साइकिल बाजार में 4,200 रुपये में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार ने करीब 1.30 लाख साइकिलें खरीदी हैं और दोनों साइकिलों की गुणवत्ता में भी अंतर है।

उन्होंने दावा किया कि रिटेल में खरीदी गयी साइकिल 4,000 रुपये की है, जिस पर 200 रुपये टैक्स के साथ इसकी कीमत 4,200 रुपये पड़ी। उनके अनुसार, इसमें ब्रांडेड टायर, रिम और एल्युमिनियम के ब्रेक हैं, जबकि सरकारी साइकिल में अपेक्षाकृत सस्ते और स्थानीय पार्ट्स लगाये गये हैं। उन्होंने सरकारी साइकिल पर लगे ‘स्काइलर’ स्टीकर को भी कथित तौर पर नकली बताते हुए कहा कि संबंधित मॉडल का निर्माण कंपनी ने बंद कर दिया है। बुराड़ी के ‘आप’ विधायक संजीव झा ने आरोप लगाया कि साइकिल खरीद में करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है।

उन्होंने दावा किया कि टेंडर प्रक्रिया के दौरान कुछ कारोबारियों ने इससे कम कीमत पर साइकिल उपलब्ध कराने की पेशकश की थी। इसके बावजूद अधिक कीमत पर खरीद की गयी और सरकार इस मामले में चर्चा से बच रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से शिक्षा मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार ने कार्रवाई नहीं की तो पार्टी मामले की शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो और सीबीआई से करेगी।

.....

Next Post

बीएचईएल भोपाल में स्वतंत्रता दिवस पर होंगे सांस्कृतिक आयोजन

Wed Aug 12 , 2026
भोपाल। बीएचईएल भोपाल में स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय एकता समिति द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की शुरुआत 14 अगस्त को सुबह 11.30 बजे कस्तूरबा अस्पताल में फल वितरण के साथ होगी। बीएचईएल लेडीज क्लब की अध्यक्ष रोजी […]

You May Like