
मुंबई, 12 अगस्त (वार्ता) फिल्म ‘स्काई फोर्स’ से बॉलीवुड में पदार्पण करने वाले अभिनेता वीर पहाड़िया अब फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ में नजर आएंगे। फिल्म में वीर पहाड़िया के साथ अपारशक्ति खुराना, आफिया सैयद, राकेश बेदी और निखिल विजय भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। ‘प्रेम कीटाणु’ का निर्देशन अपूर्व सिंह कार्की ने किया है, जो ‘सिर्फ एक बंदा काफी है’ और चर्चित सीरीज ‘एस्पिरेंट्स’ के लिए जाने जाते हैं। यह गौरव वर्मा के नए बैनर अवनिका फिल्म्स की पहली फिल्म है, जिसे फार्स फिल्म्स के साथ मिलकर प्रस्तुत किया जा रहा है।
युवाओं की आकांक्षाओं, रिश्तों और रोजमर्रा की चुनौतियों पर आधारित यह फिल्म हास्य और भावनाओं से भरपूर मनोरंजक कहानी के रूप में पेश की जाएगी। फिल्म में आधुनिक जीवन और प्रेम को एक नए नजरिए से दिखाने का प्रयास किया गया है।
‘स्काई फोर्स’ में भारतीय वायुसेना के अधिकारी टी. विजया की भूमिका निभाने के बाद वीर पहाड़िया अब बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आएंगे। देशभक्ति और एक्शन से भरपूर ड्रामा के बाद युवा और रिश्तों पर आधारित फिल्म का हिस्सा बनना उनके अलग-अलग किरदारों और जॉनर को तलाशने की कोशिश को दर्शाता है।
वीर पहाड़िया की आगामी फिल्मों में महेश भट्ट द्वारा प्रस्तुत और सिद्धांत सचदेव निर्देशित डार्क एक्शन थ्रिलर ‘नाम – टू लिव इज़ वॉर’ भी शामिल है। फिल्म में उनके साथ वरुण शर्मा नजर आएंगे। इसका निर्माण रिद्धि चावड़ा और उत्सव उपाध्याय कर रहे हैं। ‘प्रेम कीटाणु’ और ‘नाम – टू लिव इज़ वॉर’ के जरिए वीर पहाड़िया दो बिल्कुल अलग सिनेमाई दुनिया में नजर आएंगे। एक ओर ‘प्रेम कीटाणु’ में रोमांस, हास्य और युवाओं की रोजमर्रा की जिंदगी को केंद्र में रखा गया है, वहीं दूसरी ओर ‘नाम – टू लिव इज़ वॉर’ में उनका एक्शन अवतार देखने को मिलेगा। ‘स्काई फोर्स’ के बाद इन फिल्मों के जरिए वीर अपने अभिनय करियर में अलग-अलग शैलियों और किरदारों के साथ प्रयोग करते नजर आ रहे हैं। यह फिल्म गांधी जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
