
दमोह. शहर के नया बाजार चार में पर्याप्त रूप से पानी की सप्लाई न होने के चलते वार्ड वासियों ने बुधवार दोपहर पथरिया फाटक ओवर ब्रिज पर जाम लगा दिया. जिससे सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लग गई. लोगों के द्वारा सड़क पर खाली कुप्पे रखकर यह प्रदर्शन किया गया. उनका कहना था की करीब 25 घरों में पानी नहीं आ रहा.वह लगातार अधिकारियों से अपनी समस्या सुना रहे हैं, लेकिन किसी के द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा इसलिए उन्होंने मजबूरी में यह जाम लगाया है. जाम के चलते दमोह से छतरपुर, हटा, पन्ना जाने वाला मार्ग करीब डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहा. इसके बाद नगर पालिका सीएमओ और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. लोगों को समझाइश देकर यह जाम खुलवाया.नया बाजार चार के लोगों ने पलंदी चौराहे के समीप पथरिया फाटक ओवर ब्रिज पर खाली कुप्पे रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. जिससे सड़क पर वाहनों की लाइन लग गई. वार्डवासियों ने नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी की.
उनका कहना था उनके यहां पानी नहीं पहुंच पा रहा. महिला सुखबाई ने बताया कि उनके घर तक पानी नहीं आता.वह गर्मियों में काफी दूर से पानी भर कर लाती हैं.इसी तरह दूसरी महिला शांतिबाई ने कहा कि अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे. वह लगातार अपनी समस्या अधिकारियों को सुना रही हैं. किसी के द्वारा जल संकट को दूर करने के लिए प्रयास नहीं किया जा रहा.
पथरिया फाटक ओवर ब्रिज पर जाम लगने से तीन एंबुलेंस ओवरब्रिज पर फंस गई.जानकारी लगते ही सीएसपी एचआर पांडे, सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी, टीआई कोतवाली टीआई मनीष कुमार, प्रधान आरक्षक पंकज, अजित दुबे, देशराज, निर्भया मोबाइल सहित कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची.पुलिस ने लोगों से एंबुलेंस निकालने के लिए कहा, इसके बाद इन सभी एंबुलेंस को यहां से निकलने दिया.लेकिन आम लोगों की आवाजाही बंद रही.
सड़क पर जाम लगने के चलते दमोह से हटा नाका होते हुए छतरपुर, हटा, पन्ना जाने वाला मार्ग पूरा प्रभावित हो गया.
इसके बाद लोग बड़े पुल से होते हुए हटा नाका की ओर गुजरे.
जानकारी लगने पर नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी ने कोतवाली टीआई मनीष कुमार के साथ उन घरों में जाकर निरीक्षण किया जहां पानी नहीं आ रहा था. सभी को आश्वासन दिया कि एक सप्ताह में हम यह समस्या हल कर देंगे.सीएमओ ने बताया कि यहां पानी प्रेशर से नहीं आता क्योंकि आगे वाले लोग मशीन चला लेते हैं.
हमारी टीम पूरे घरों का निरीक्षण कर रही है, इसके अलावा यहां पर समय पर नल भी नहीं खुलते यह भी एक समस्या है. एक सप्ताह के अंदर हम यह समस्या हल कर लेंगे. लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराया जाएगा.सीएमओ के आश्वासन के बाद वार्ड वासियों ने अपना प्रदर्शन खत्म किया और करीब एक घंटे के बाद यह मार्ग सुचारू रूप से चालू हुआ.
