
रतलाम। नगर निगम परिषद के साधारण सम्मेलन में वीर सावरकर पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। शिकायत के आधार पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने वार्ड 24 के पार्षद सलीम बागवान के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। इस कार्रवाई के बाद शहर की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट आ गई है। गौरतलब है कि मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में आयोजित परिषद सम्मेलन के दौरान यह विवाद सामने आया था।
आरोप है कि चर्चा के बीच विपक्षी पार्षद सलीम बागवान ने क्रांतिकारी वीर सावरकर को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की थी। इस पर सत्ता पक्ष के पार्षदों ने तत्काल विरोध जताया था और मामले ने तूल पकड़ लिया था।
वार्ड 22 के पार्षद विशाल शर्मा ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि उक्त टिप्पणी से न केवल सदन की गरिमा आहत हुई, बल्कि आम नागरिकों की भावनाओं को भी ठेस पहुंची है। उन्होंने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे वाला कृत्य बताया। पुलिस के अनुसार, प्राप्त शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी पार्षद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 और 353(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस सम्मेलन की वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है। इधर, इस घटनाक्रम के बाद सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे राष्ट्रविरोधी मानसिकता करार दिया है, जबकि विपक्ष की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
भाजपा पार्षद के खिलाफ स्टेशन रोड थाने में शिकायत
नगर निगम बजट सम्मेलन में दिए गए बयान को लेकर विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। कांग्रेस पार्षद कमरुद्दीन कच्छवाय ने भाजपा पार्षद धर्मेंद्र व्यास के खिलाफ स्टेशन रोड थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि सम्मेलन के दौरान राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ अपमानजनक भाषा का उपयोग किया गया, जिससे माहौल बिगड़ा। शिकायत में इसे समाज में वैमनस्य फैलाने वाला कृत्य बताया गया है। कांग्रेस ने मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। इस दौरान कांग्रेस शहर अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, पूर्व विधायक पारस सकलेचा, यास्मीन शैरानी, राजीव रावत, शैलेन्द्रसिंह अठाना आदि कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
