जोधपुर-इंदौर स्लीपर बस ट्रक में घुसी, 5 यात्री घायल

रतलाम। रतलाम-इंदौर फोरलेन पर बुधवार सुबह एक बड़ा सडक़ हादसा हो गया। बिलपांक थाना क्षेत्र के रत्तागिरी फंटे के पास जोधपुर से इंदौर जा रही तेज रफ्तार प्राइवेट स्लीपर बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में बस में सवार पांच यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 7 बजे हुई। बताया जा रहा है कि आगे चल रहे ट्रक का स्टीयरिंग अचानक फेल हो गया, जिसके चलते चालक ने तुरंत ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस अचानक ब्रेक लगने से संतुलन नहीं बना पाई और ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय हल्की बारिश हो रही थी और सडक़ पर गिट्टी भी बिखरी हुई थी, जिससे बस फिसल गई और चालक नियंत्रण खो बैठा। हादसे में घायल यात्रियों की पहचान शेरू, अंबाराम, राजू, विशाल और कृष्णा के रूप में हुई है, जो राजस्थान के बाड़मेर निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही बिलपांक थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहीं, क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त बस को सडक़ से हटाकर यातायात सुचारू किया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Next Post

कला-संस्कृति के विकास की पहल: छिंदवाड़ा में वैदिक घड़ी और हाई-टेक थिएटर का प्रस्ताव

Wed Apr 8 , 2026
छिंदवाड़ा। नगर निगम महापौर विक्रम अहके ने भोपाल पहुंचकर स्वराज भवन में मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी से मुलाकात की। इस दौरान जिले में कला और संस्कृति के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में भारत सरकार की कला संस्कृति विकास योजना (केएसवीवाई) के अंतर्गत छिंदवाड़ा में […]

You May Like