रोड्रिगो पाज़ का बोलिविया का नया राष्ट्रपति चुना जाना तय

लापाज, 20 अक्टूबर (वार्ता) बोलिविया में चल रहे राष्ट्रपति चुनाव की ‘प्राथमिक गणना’ के अनुसार मध्य-दक्षिणपंथी क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीसी) के नेता रोड्रिगो पाज़ का नये राष्ट्रपति के रूप में चुना जाना तय हो गया है।

देश के सुप्रीम इलेक्टोरल ट्रिब्यूनल (टीएसई) के अनुसार, 97 प्रतिशत मतों की गिनती के साथ श्री पाज़ ने रविवार को हुए दूसरे दौर के चुनाव में 54.5 प्रतिशत वोट हासिल किए। उनके प्रतिद्वंदी और दक्षिणपंथी पूर्व अंतरिम राष्ट्रपति जॉर्ज “टूटो” क्विरोगा को केवल 45.4 प्रतिशत वोट मिले।

उल्लेखनीय है कि 20 सालों से शासन कर रही समाजवादी पार्टी ‘मूवमेंट फॉर सोशलिज्म’ (एमएएस) का कोई भी उम्मीदवार, 20 सालों में पहली बार, दूसरे दौर के चुनाव में भाग नहीं ले रहा था। अगस्त में पहले दौर के चुनाव में एमएएस को करारी हार का सामना करना पड़ा था। पहले दौर के चुनाव से पहले भी एमएएस के नेता और पूर्व वामपंथी राष्ट्रपति इवो मोरालेस को सर्वोच्च अदालत ने कार्यकाल सीमा का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से रोक दिया था। बोलीविया का संविधान केवल दो कार्यकाल की अनुमति देता है। एमएएस को दूसरा झटका तब लगा जब निवर्तमान राष्ट्रपति लुइस आर्से ने भी चुनाव में भाग लेने से इनकार कर दिया।

श्री पाज के पिता जैमे ज़मोरा भी देश के राष्ट्रपति रह चुके हैं। उन्हीं के नक्शेकदम पर चलते हुए श्री पाज़ ने अमेरिका से अर्थशास्त्र की पढ़ाई करने के बाद राजनीति में आने का फैसला किया। वह पहले दक्षिणी शहर तारिजा के नगर पार्षद और महापौर बने और फिर 2020 में इस क्षेत्र से सीनेटर बने।

गरैरतलब है कि वर्तमान में गहरे आर्थिक संकट से जूझ रहे बोलीविया में 25 प्रतिशत की वार्षिक मुद्रास्फीति विद्यामान है और यह देश अमेरिकी डॉलर एवं ईंधन की भारी कमी से भी जूझ रहा है। गत 17 अगस्त को बोलीविया के लोग ऊँची कीमतों और ईंधन अन्य बुनियादी चीज़ों के अभाव से परेशान होकर लिए सड़कों पर उतर आए थे।

Next Post

नर्मदा घाट पर फिर हुआ हादसा, एक युवक की डूबने से मौत, दूसरे को बचाया गया

Mon Oct 20 , 2025
बुधनी। बुधनी स्थित नर्मदा घाट पर रविवार दोपहर फिर एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने से एक युवक की डूबकर मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक को स्थानीय युवकों की बहादुरी से बचा लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार भोपाल के जाटखेड़ी निवासी […]

You May Like