नर्मदा घाट पर फिर हुआ हादसा, एक युवक की डूबने से मौत, दूसरे को बचाया गया

बुधनी। बुधनी स्थित नर्मदा घाट पर रविवार दोपहर फिर एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने से एक युवक की डूबकर मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक को स्थानीय युवकों की बहादुरी से बचा लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भोपाल के जाटखेड़ी निवासी छह युवक रविवार को बुधनी नर्मदा घाट स्नान करने पहुंचे थे। इस दौरान स्नान करते वक्त सूरज विश्वकर्मा (18) पिता गोकुल प्रसाद, निवासी जाटखेड़ी, भोपाल अपने साथियों कुलदीप, दीपक और राजेश विश्वकर्मा के साथ गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते सूरज और कुलदीप दोनों डूबने लगे।

मौके पर मौजूद स्थानीय युवक वरुण माझी, दीपक यादव और दीपक मेहरा ने तत्परता दिखाते हुए बहादुरी से पानी में छलांग लगाई और कुलदीप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, सूरज को बचाने के प्रयासों के बावजूद उसे नहीं बचाया जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही बुधनी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को स्थानीय गोताखोरों की मदद से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि पिछले दो महीनों में नर्मदा नदी में यह तीसरा बड़ा हादसा है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नर्मदा घाट पर सुरक्षा इंतज़ाम बढ़ाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में संकेतक स्थापित करने की मांग की है।

फिलहाल बुधनी नर्मदा घाट पर न तो सुरक्षा कर्मी तैनात हैं और न ही किसी प्रकार के चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे हादसों की आशंका लगातार बनी हुई है।

Next Post

बोनस और छुट्टी की मांग को लेकर भड़के श्रमिक

Mon Oct 20 , 2025
सोनभद्र। एनसीएल खड़िया खदान में दीपावली पर बोनस, सर्रा छुट्टी और समय पर वेतन की मांग को लेकर SA यादव आउटसोर्सिंग कंपनी के श्रमिकों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। कंपनी अधिकारी के गाड़ी चलाओ नहीं तो घर जाओ कहने पर भड़के मजदूरों ने कार्य बहिष्कार कर खदान से बैरियर तक […]

You May Like