साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 में भारतीय टीम को 51 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के बाद सूर्यकुमार यादव ने हार का जिम्मेदार खुद को और गिल को माना।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने 51 रनों से जीत हासिल किया। मुल्लांपुर स्थित महाराज यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले साउथ अफ्रीका ने जीत हासिल करके सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया। इस हार के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा कि हर समय अभिषेक शर्मा से उम्मीद नहीं की जा सकती है।
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव का मानना है कि उन्हें और शुभमन गिल को क्रीज पर टिककर बल्लेबाजी करनी चाहिए थी। इसके साथ ही उन्होंने स्वीकारा है कि टीम को साउथ अफ्रीका से सीखना होगा। मैच गंवाने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, “साउथ अफ्रीका को पहली इनिंग से ही पता चल गया था कि किस लेंथ पर बॉलिंग करनी है। यहां थोड़ी ओस थी। अगर पहला प्लान काम नहीं करता, तो हमें दूसरा प्लान अपनाना चाहिए था। हमें साउथ अफ्रीका से सीखना होगा।”
