इंदौर:शहर के सिलिकॉन सिटी क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक अज्ञात 28 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल अवस्था में बिल्डिंग के बाहर पड़ी मिली. इलाज के दौरान एमवाय अस्पताल में उसकी मौत हो गई. युवती के शरीर पर नुकीली चीज़ से वार के निशान पाए गए हैं, जिससे हिंसक हमले की आशंका जताई जा रही है.घटना सुबह करीब 4:20 बजे की बताई जा रही है.
सिलिकॉन सिटी स्थित फर्स्ट ब्लॉक में रहने वाला छात्र संगम जब अपने फ्लैट पर लौटा, तो उसने युवती को खून से लथपथ हालत में बिल्डिंग के नीचे पड़ा पाया. संगम ने तत्काल अपने मित्र सोमिल को बुलाया और दोनों ने युवती से बातचीत की कोशिश की, लेकिन वह बेहद गंभीर अवस्था में थी. युवती के हाथ, गले और पैरों पर गंभीर चोटें थीं. छात्रों के अनुसार, उसने हल्की आवाज में “चारू” नाम और “मां बचा ले” जैसे शब्द बोले, जिससे यह आशंका और गहराई कि वह किसी हमले का शिकार हुई थी.
दोनों छात्रों ने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस बुलवाई और युवती को एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद राउ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, युवती की पहचान और हमले के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है. फिलहाल छात्रों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
