
नयी दिल्ली, 02 सितंबर (वार्ता) युवा मामले और खेल मंत्रालय ने वर्ष 2024 के लिए तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार की घोषणा की है। इन पुरस्कारों में चार श्रेणियां शामिल हैं – भूमि साहसिक कार्य, जल साहसिक कार्य, वायु साहसिक कार्य और लाइफटाइम अचीवमेंट (जीवन भर की उपलब्धियां)। ये पुरस्कार साहसिक कार्यों के क्षेत्र में व्यक्तियों की उत्कृष्ट उपलब्धियों को मान्यता देते हैं और सहनशक्ति, जोखिम उठाने की क्षमता, टीम वर्क और चुनौतीपूर्ण स्थितियों में त्वरित व प्रभावी निर्णय लेने की भावना को बढ़ावा देते हैं। सरकार ने निम्नलिखित पुरस्कार विजेताओं को मंजूरी दी है: सुश्री बलजीत कौर (भूमि साहसिक कार्य),स्कलज़ांग रिग्ज़िन (भूमि साहसिक कार्य), रिमो साहा (जल साहसिक कार्य), शिव प्रसाद चमोली (लाइफटाइम अचीवमेंट)
पुरस्कार विजेताओं को भारत के राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 के साथ तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार समारोह की तारीख की घोषणा अलग से की जाएगी। प्रत्येक पुरस्कार विजेता को एक प्रतिमा, एक प्रमाण पत्र और 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। चयन राष्ट्रीय चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर किया गया था। समिति ने नामांकनों का मूल्यांकन किया और उचित जांच-पड़ताल के बाद, राष्ट्रीय सम्मान प्रदान करने के लिए विजेताओं की सिफारिश की।
