दुबई, 11 मई (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की वार्षिक एकदिवसीय रैंकिंग में भारतीय टीम शीर्ष पर बनी हुई है। आईसीसी ने सोमवार को पुरुष एकदिवीय रैंकिंग जारी की है, जिसमें भारत ‘नंबर-वन’ बना हुआ है। हालांकि, शीर्ष पर उसकी बढ़त जरूर कम हो गई है। ताजा रैंकिंग में भारत की रेटिंग 119 से गिरकर 118 हो गई है। वहीं, न्यूजीलैंड को दो अंक मिले हैं। यह टीम 113 रेटिंग के साथ दूसरे पायदान पर है। अब शीर्ष-2 टीमों के बीच अंतर आठ से घटकर पांच ही रह गया है।
मौजूदा विश्व कप चैंपियन ऑस्ट्रेलिया 109 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है।
शीर्ष 10 पोजीशन में एकमात्र बदलाव यह है कि दक्षिण अफ्रीका (102) पाकिस्तान (98) को पीछे छोड़कर चौथे स्थान पर आ गया है। हालांकि, नौवें स्थान पर मौजूद बंगलादेश और वेस्ट इंडीज के बीच के अंतर में एक बड़ा बदलाव आया है, जो बढ़कर 10 अंक हो गया है। अन्य बदलावों में, आयरलैंड जिम्बाब्वे को पछाड़ कर 11वें स्थान पर आ गया है, अमेरिका, स्कॉटलैंड से ऊपर 13वें स्थान पर आ गया है, और संयुक्त अरब अमीरात अब कनाडा से आगे 19वें स्थान पर है। पिछले हफ़्ते हुए सालाना अपडेट के बाद आईसीसी पुरष टी-20 रैंकिंग में भी भारत शीर्ष पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया टेस्ट रैंकिंग में टॉप पर है। ऑस्ट्रेलिया महिला एकदिवसीय और टी-20 दोनों सूची में नंबर वन है।

