नयी दिल्ली 29 जनवरी (वार्ता) विद्युत क्षेत्र की कंपनी अडानी पावर लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में शुद्ध मुनाफा इसके पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 2738 करोड़ रुपये के मुकाबले सात प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 2940 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
कंपनी ने बुधवार को बयान जारी कर बताया कि उच्च बिजली मांग और बढ़ती परिचालन क्षमता के कारण अडानी पावर का समेकित कुल राजस्व साल-दर-साल 11 प्रतिशत बढ़कर 14833 करोड़ रुपये हो गया जबकि इसके पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में यह 13355 करोड़ रुपये रहा था। आलोच्य अवधि में उसकी बिजली बिक्री भी 21.5 अरब यूनिट से आठ प्रतिशत बढ़कर 23.3 अरब यूनिट हो गई।
अडानी पावर लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एस. बी. ख्यालिया ने कहा,
“हम वर्ष 2030 तक 30 गीगावाट से अधिक की उत्पादन क्षमता हासिल करने की दिशा में तेजी से बढ़ रहे हैं। निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति, आपूर्ति श्रृंखला को सुरक्षित करना और दीर्घकालिक पीपीए टाई-अप हमारी रणनीति का हिस्सा हैं।”
श्री ख्यालिया ने कहा, “हमारा उच्च गुणवत्ता वाला परिसंपत्ति पोर्टफोलियो, परिचालन उत्कृष्टता और डिजिटल परिवर्तन हमें उद्योग में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त देता है। हम अपने परिचालन को और अधिक कुशल बनाने के लिए खनन में पिछड़े एकीकरण और डिजिटलीकरण पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। हमारे ईएसजी प्रयासों की बदौलत हम वैश्विक स्तर पर शीर्ष 15 प्रतिशत कंपनियों में शामिल हो गए हैं और अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त की है।”

