नयी दिल्ली, (वार्ता) प्रो कबड्डी लीग 2025 में खिलाड़ियों की देखभाल और प्रदर्शन को नये स्तर पर ले जाने के लिए हरियाणा स्टीलर्स और फ्रिडो के बीच साझेदारी हुई है।
भारत के अग्रणी डी2सी एर्गोनॉमिक ब्रांड फ्रिडो ने जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स की टीम हरियाणा स्टीलर्स के साथ साझेदारी का ऐलान किया है। अब 29 अगस्त से शुरु हो रही प्रो कबड्डी लीग 2025 में फ्रिडो टीम का आधिकारिक साझेदार होगा। यह साझेदारी केवल स्पॉन्सरशिप नहीं है, बल्कि इसमें फ्रिडो के एडवांस ऑर्थोटिक सॉल्यूशन्स को खिलाड़ियों के प्रदर्शन और वापसी से सीधे जोड़ा गया है।
कबड्डी जैसा तेज-तर्रार और हाई-कॉन्टैक्ट खेल हर रेड, टैकल और स्प्रिंट में खिलाड़ियों के घुटनों और जोड़ों पर भारी दबाव डालता है। ऐसे में चोट से बचाव और तेजी से वापसी ही तय करती है कि खिलाड़ी मैदान पर टिके रहेंगे या बाहर बैठेंगे। फ्रिडो के नीकैप सपोर्ट्स, पोस्टचर करेक्टर्स और रिस्ट ब्रेसेज खिलाड़ियों को अतिरिक्त सुरक्षा, स्थिरता और आत्मविश्वास के साथ पूरे सीजन खेलने में मदद करेंगे।
इस अवसर पर फ्रिडो के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी गणेश सोनवणे ने कहा, “कबड्डी में विस्फोटक मूवमेंट और जबरदस्त लोअर-बॉडी स्ट्रेंथ की जरूरत होती है। घुटनों पर सबसे ज्यादा दबाव पड़ता है और उनकी सुरक्षा खिलाड़ियों के करियर की लंबी उम्र और प्रदर्शन दोनों के लिए अहम है। फ्रिडो में हम प्रिवेंटिव हेल्थकेयर पर विश्वास रखते हैं। खिलाड़ियों को चोट से पहले ही सही सपोर्ट देना ताकि वे सिर्फ जीत पर ध्यान केन्द्रित कर सकें।”
जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी करण यादव ने कहा, “यह पहली बार है जब हरियाणा स्टीलर्स ने नीकैप कैटेगरी को अपनी स्पॉन्सरशिप पोर्टफोलियो में शामिल किया है और हमें गर्व है कि यह कदम फ्रिडो के साथ उठाया गया है। कबड्डी में घुटनों पर भारी दबाव पड़ता है और जॉइंट केयर और रिकवरी पर ध्यान देने वाला पार्टनर हमारे खिलाड़ियों के लिए वास्तविक मूल्य जोड़ता है।”
