इंदौर: इंदौर प्रीमियर को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की 110वीं वार्षिक साधारण सभा शुक्रवार को महारानी रोड स्थित बैंक कार्यालय में हुई. बैठक में बैंक की वित्तीय प्रगति के साथ 628 किसानों की लंबित फसल बीमा राशि, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और मोबाइल वैन-एटीएम से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितता के मुद्दे उठे. किसानों के सवालों पर स्पष्ट जवाब नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए प्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई.
बैंक प्रशासक एवं उपायुक्त सहकारिता डॉ. मनोज जायसवाल ने बैंक की प्रगति की जानकारी दी, जबकि मुख्य कार्यपालन अधिकारी आलोक कुमार जैन ने वर्ष 2025-26 का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया. पूर्व अध्यक्ष उमानारायण पटेल, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक सुहास पंत्र और अपेक्स बैंक के संभागीय शाखा प्रबंधक गणेश यादव मौजूद रहे.
सात साल से अटकी बीमा राशि
सभा में वर्ष 2017-18 और 2018-19 के 628 किसानों की फसल बीमा राशि का मामला प्रमुखता से उठा. किसान प्रतिनिधियों ने कहा कि सात वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ है. उन्होंने प्रत्येक किसान के प्रकरण की स्थिति, जिम्मेदारी और भुगतान की समयसीमा स्पष्ट करने की मांग की. कर्मचारी यूनियन के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानेंद्र यादव ने बीमा राशि के साथ संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय होती है तो संबंधित से वसूली कर किसानों को राशि दिलाई जानी चाहिए. सभा में मोबाइल वैन और एटीएम से जुड़े कथित घोटाले पर भी सवाल उठे. सीईओ ने एफआईआर कराने की बात कही। किसान प्रतिनिधियों ने निष्पक्ष जांच और समयबद्ध कार्रवाई की मांग की.
डायरेक्टरों की अनुपस्थिति पर सवाल
जनप्रतिनिधि डायरेक्टरों की अनुपस्थिति पर भी प्रतिनिधियों ने सवाल उठाए. भारतीय किसान एवं मजदूर सेना के अध्यक्ष बबलू जाधव ने कहा कि 628 किसानों की बीमा राशि किसानों के अधिकार और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा मामला है. ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध लोकतांत्रिक विरोध किया जाएगा.
बैंक का कारोबार 2427 करोड़
सभा में बताया गया कि वर्ष 2025-26 में बैंक का कारोबार 2427 करोड़ रुपए, अंशपूंजी 103.20 करोड़ और कार्यशील पूंजी 2189.99 करोड़ रुपए रही. बैंक ने 9.68 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ अर्जित किया, जबकि 30 जून 2026 तक वसूली करीब 76.58 प्रतिशत रही। उत्कृष्ट कार्य करने वाली शाखाओं और संबद्ध प्राथमिक कृषि सहकारी साख संस्थाओं को सम्मानित किया गया.
