जबलपुर: बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में एक शातिर आरोपी ने उधारी चुकाने के नाम पर एक महिला को 15 लाख रुपये तो दिए, लेकिन जब महिला बैंक पहुंची तो उसके होश उड़ गए। गड्डियों में ऊपर-नीचे तो 500 के असली नोट थे, पर बीच में बच्चों के खेलने वाले चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया के खिलौना नोट भरे हुए थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक गिधउ मोहल्ला निवासी गायत्री बाई लोधी (38) की गांव में ही छोटी किराना दुकान है। ग्राम सुंदरादेही निवासी आनंद सिंह ठाकुर से उनके पुराने पारिवारिक संबंध थे। आनंद ने पिछले 3 वर्षों के दौरान गायत्री बाई से समय-समय पर काफी पैसे उधार लिए थे, जिन्हें वह वापस नहीं कर रहा था। आरोपी आनंद ने पीडि़ता को झांसा देने के लिए पहले फोन पर कहा कि उसका मोबाइल क्राइम ब्रांच में जब्त है। इसके बाद 27 मार्च की रात करीब 10:30 बजे उसने अपने तीन साथियों वीरू, अनुज और आर्यन को गायत्री के घर भेजा।
अनुज ने घर के भीतर जाकर गायत्री को एक थैला सौंपा और कहा कि इसमें आपके 15 लाख रुपये हैं। गायत्री ने गड्डियों के ऊपर 500-500 के असली नोट देखकर उन पर भरोसा कर लिया। अगले दिन जब गायत्री बाई इन रुपयों को जमा करने पोस्ट ऑफिस पहुंचीं, तब अधिकारियों ने बताया कि ये पैसे नकली हैं। गड्डियों की बारीकी से जांच करने पर पता चला कि केवल ऊपरी और निचली सतह पर असली नोट चिपकाए गए थे, जबकि अंदर खिलौना नोट थे। जब पीडि़ता शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची, तो आनंद ने पैसे लौटाने के बजाय उनके साथ अभद्रता की और शिकायत करने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। पुलिस ने रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
