इंदौर: यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को देखते हुए मुंबई सेंट्रल और इंदौर के बीच चलने वाली तेजस सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के फेरों को आगे तक बढ़ाने का फैसला किया है.मुंबई सेंट्रल से इंदौर के बीच संचालित 09085/09086 तेजस सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के फेरे पुनः विस्तारित किए हैं. पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल से जारी जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 09085 मुंबई सेंट्रल इंदौर तेजस स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा पहले 31 दिसंबर 2025 तक निर्धारित था, अब 30 जनवरी 2026 तक चलेगी.
यह ट्रेन मुंबई सेंट्रल से प्रति सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी. इसी तरह गाड़ी संख्या 09086 इंदौर मुंबई सेंट्रल तेजस स्पेशल, जिसका अंतिम फेरा 1 जनवरी 2026 तय था, अब 31 जनवरी 2026 तक इंदौर से प्रति मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी.
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन अपने पूर्व निर्धारित मार्ग, कोच कंपोजिशन, ठहराव और संचालन दिवसों के अनुसार ही चलाई जाएगी, इनमें किसी तरह का बदलाव नहीं किया है. विस्तारित फेरों के लिए बुकिंग 30 दिसंबर 2025 से सभी यात्री आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से शुरू होगी. यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले ट्रेनों की अद्यतन स्थिति जानने के लिए रेलवे की आधिकारिक पूछताछ वेबसाइट पर जानकारी अवश्य देख लें.
