
ग्वालियर। धर्म और सेवा के संगम के साथ रामनवमी पर शहर की प्रमुख सामाजिक संस्था कावेरी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा कमलाराजा अस्पताल में नवजात शिशुओं के लिए वस्त्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
फाउंडेशन के सदस्यों ने बताया कि वर्तमान में बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। नवजात शिशुओं की त्वचा अत्यंत संवेदनशील होती है, इसलिए उन्हें आरामदायक सूती वस्त्र उपलब्ध कराना प्राथमिकता रही। वितरण के साथ-साथ संस्था ने माताओं को शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में सेवा और सहयोग की एक नई ऊर्जा देखने को मिली। संस्था सचिव कंचन राव ने इस अवसर पर शहर के प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की कि
समाज के हर वर्ग को इस तरह के नेक कार्यों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए। नवजात शिशुओं को दिया गया स्नेह और आशीर्वाद ही हमारे समाज की वास्तविक पूंजी है।
कावेरी वेलफेयर फाउंडेशन की इस पहल को अस्पताल प्रशासन और परिजनों ने खूब सराहा। रामनवमी जैसे पवित्र दिन पर की गई यह सेवा न केवल मानवीय संवेदनाओं को सशक्त करती है, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण भी पेश करती है। कार्यक्रम में उपस्थित अध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, सचिव कंचन राव, संगठन मंत्री ऋषि जैन, हेमलता राव, शक्ति सक्सेना, प्रवीण शर्मा, विशाल शर्मा, रवि लोधी आदि सदस्य उपस्थित थे
