
इंदौर. शहर में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के प्रयास में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया. ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर माता प्रसाद गौड़ नामक यह अधिकारी 13,000 रुपए की रिश्वत ले रहा था, जब लोकायुक्त की टीम ने उसे पकड़ लिया.
सूत्रों के अनुसार, आरोपी अधिकारी 20,000 रुपए की रिश्वत मांग रहा था, जिसमें से पहली किश्त के रूप में 13,000 रुपए लेते हुए उसे रंगे हाथों पकड़ लिया गया. लोकायुक्त की टीम ने पहले से जाल बिछाकर उसे ट्रैप किया और जैसे ही उसने पैसे लिए, टीम ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया. लोकायुक्त पुलिस को शिक्षा विभाग के इस अधिकारी के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं. जब एक फरियादी ने इसकी सूचना दी, तो टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया.
अभी और भी खुलासे संभव
लोकायुक्त पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि इस भ्रष्टाचार के तार और कहां-कहां जुड़े हैं. फिलहाल, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच की जा रही है.
