
सीहोर। अंग्रेजी नववर्ष के पहले दिन की शुरुआत लोगों ने देवदर्शन के साथ की. देवीधाम सलकनपुर सहित शहर के गणेश मंदिर, कुबेरेश्वर धाम पर हजारों की तादाद में भक्तों की भीड़ उमड़ी. इसी तरह पचामा प्लांट स्थित जिन बाबा और देवी मंदिर स्थान पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों भक्तों ने शामिल होकर प्रसादी ग्रहण की.
हर साल की तरह इस बार भी नववर्ष पर्व को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल बना रहा. गुरुवार को कड़ाके की ठंड व घना कोहरा होने के बाद भी बड़ी संख्या में सुबह से लोगों की भीड़ देव स्थानों पर उमडऩे लगी थी. शहर के प्राचीन व सिद्ध श्री गणेश मंदिर में दर्शन करने वालों की अपार भीड़ सुबह से ही बनी थी. स्थानीय भक्तों के अलावा इंदौर, उज्जैन, भोपाल, विदिशा, रायसेन सहित अन्य शहरों से भक्त गणेश भगवान के दर्शन करने उमड़े थे. पुलिस प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं बनाई गई थीं, लेकिन भारी भीड़ के चलते वह बौनी साबित हुईं. आलम यह रहा कि शुगर मिल चौराहे तक वाहनों की कतारें लगी थीं. इस दौरान कई लोग जहां भी जगह मिली अपने वाहन पार्क करके पैदल ही मंदिर की ओर बढ़े जा रहे थे. ऐसा ही हाल इंदौर नाका से गणेश मंदिर जाने वाले मार्ग का रहा. सुबह से देर रात गणेश मंदिर पर भीड़ बनी रही.
पचामा प्लांट के समीप जिन बाबा की दरगाह व देवी मंदिर पर साल की तरह नववर्ष पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया. इस मौके पर हजारों भक्तों ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की. यहां दूर- दराज से आए हजारों लोगों की भीड़ के कारण हाइवे पर जाम के हालात बनते रहे. इसी तरह कुबेरेश्वर धाम पर भी हजारों भक्तों की भीड़ ने बाबा कुबेर के दर्शनों का लाभ लिया. इस अवसर पर कई बार हाईवे पर जाम के हालात भी देखने को मिलते रहे.
सलकनपुर देवीधाम पहुंचे 60 हजार से अधिक श्रद्धालु
रेहटी. जिले के प्रसिद्व देवीधाम सलकनपुर में नव वर्ष के पहले दिन हजारों श्रद्धालुओं ने मातारानी के दर्शनों का लाभ लिया. सुबह से ही मंदिर जाने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आ रही थी. इस बार भारी भीड़ की संभावनाओं को देखते हुए 14 घंटे तक दर्शन करने की व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा. मंदिर में लगभग 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए. इसके अलावा रुद्रधाम रमगढ़ा मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई.
