
कुवैत सिटी, 03 सितंबर (स्पूतनिक/वार्ता) अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ रहा है। अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने कुवैत में स्थित अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है।
कुवैत की सेना ने गुरुवार को कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियां ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों को नाकाम कर रही हैं। ईरान ने अमेरिकी हमलों के बाद कुवैत में स्थित उसके ठिकानों को निशाना बनाकर ताबड तोड़ हमले किये। कुवैती सेना ने सोशल मीडिया एक्स पर जारी एक बयान में कहा, “कुवैत की वायु रक्षा प्रणालियां इस समय शत्रुतापूर्ण मिसाइल और ड्रोन खतरों का जवाब दे रही हैं। कुवैत के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने पुष्टि की है। लोगों को सुनाई देने वाली किसी भी तरह की धमाके की आवाज एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा हमलों को रोकने के कारण है।” इस दौरान कुवैत की सेना ने नागरिकों से अपील की है कि वे संबंधित अधिकारियों की ओर से जारी सुरक्षा और बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
इसी बीच, ईरानी प्रसारक प्रेस टीवी ने खबर दी कि ईरान ने कुवैत में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया। रिपोर्ट में कहा गया कि कुवैत स्थित अमेरिकी ठिकाने की एक प्रमुख सुविधा केन्द्र हमले की चपेट में आया है, जिसके बाद वहां से धुएं का गुब्बार उठता दिखाई दिया। उल्लेखनीय है कि बुधवार रात अमेरिका ने ईरान में ठिकानों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर नये हमले किए। रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिणी प्रांत होर्मोज़गान में एक विवाह समारोह भी हमले की चपेट में आया, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गयी है और 108 लोग घायल हुये हैं। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ईरान पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद नागरिकों के हताहत होने की खबरों से चिंतित हैं।
